| April 18, 2024

Scroll to top

Top

No Comments

बिहार की नई उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी, जानिए उनके बारे में

बिहार की नई उप-मुख्यमंत्री रेणु देवी, जानिए उनके बारे में

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बनने वाली एनडीए सरकार में भाजपा कोटे से तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी उपमुख्यमंत्री बनाये गए है। रविवार को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में ही दोनों का चयन भाजपा विधानमंडल दल के नेता व उपनेता के तौर पर हुआ था। तो आइए जानते हैं रेणु देवी के बारे में- 

रेणु देवी बेतिया विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। रेणु देवी ने दुर्गावाहनी से अपना राजनीतिक सफर की शुरुआत की और कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद तक रहीं। अतिपिछड़ा समुदाय की नोनिया जाति से आने वाली रेणु देवी का जन्म 1 नवंबर 1959 को हुआ और बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गईं।

साल 1981 में रेणु देवी का सामाजिक जीवन में पदार्पण हुआ। चंपारण और उत्तर बिहार को कार्यक्षेत्र बनाकर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हक की लड़ाई शुरू किया और साल 1988 में बीजेपी की दुर्गावाहिनी की जिला संयोजक बनीं। साल 1989 में बीजेपी महिला मोर्चा की चंपारण क्षेत्र की अध्यक्ष चुनी गईं। रेणु देवी को 1990 में तिरहुत प्रमंडल में महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया और 1991 में प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री बनीं। वे 1992 में जम्मू कश्मीर तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं और 1993 में बीजेपी बिहार प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष चुनी गई । 1996 में फिर महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनी और 2014 में बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।

साल 1995 के चुनाव में पहली बार नौतन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया, लेकिन जीत नहीं सकीं। साल 2000 में बेतिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी ने टिकट दिया और करीब दस हजार मतों से जीतकर पहली बार विधायक चुनी गईं। इसके बाद 2005 में फरवरी और अक्टूबर चुनाव में फिर बेतिया से जीतकर विधानसभा पहुंची। साल 2015 में मात्र दो हजार से भी कम मतों से चुनाव हार गईं। इस बार 2020 में फिर वे बेतिया से चुनी गईं हैं।

1977 में मुजफ्फरपुर विवि से इंटर पास रेणु देवी 1988 से ही राजनीतिक व सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनकी मां संघ परिवार से जुड़ी थीं। ननिहाल से ही उनका भाजपा व संघ से लगाव हुआ। रेणु देवी संगठन में महिला मोर्चा की अध्यक्ष, तीन राज्यों में महिला मोर्चा की प्रभारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य से लेकर अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमेटी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वे 2005 से 2009 तक राज्य की खेल, कला एवं संस्कृति मंत्री भी रह चुकी हैं। 

ये भी पढ़ें:

Your Comments

Submit a Comment